मसूरी के तूनेटा गांव में नागराज मेले का भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं में दिखी गहरी आस्था

मसूरी के पास जौनपुर ब्लॉक के ग्राम तूनेटा में भगवान नागराज का पारंपरिक मेला पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मसूरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और नाग देवता के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।

मेले के दौरान मंदिर प्रांगण से भगवान नागराज की डोली को विधिवत गांव के लिए रवाना किया गया। ढोल-दमाऊ और नगाड़ों की थाप पर डोली को नचाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। दिन-रात चले इस आयोजन में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान नाग देवता अपने भक्तों पर अवतरित हुए और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। आयोजन के अंतर्गत भगवान नागराज की डोली का स्नान कराया गया, जिसके बाद गांव के सभी लोग डोली के साथ मंदिर तक पहुंचे और पूजा-अर्चना की।

हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का आयोजन भव्य रूप से किया गया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

ग्राम प्रधान सुनील रौछेला ने बताया कि यह मेला वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है और इसमें हर वर्ग के लोग शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि नाग देवता की कृपा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहती है और हर साल हजारों लोग यहां पहुंचते हैं।

क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम ने कहा कि नाग देवता में लोगों की गहरी आस्था है। श्रद्धालु दूर-दूर से यहां आकर अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं और उन्हें पूर्ण होने का विश्वास रखते हैं।

ग्रामीण संदीप पवार ने जानकारी दी कि यह दो दिवसीय मेला पूरे गांव के लिए विशेष महत्व रखता है। मेले के दौरान डोली को पूरे गांव में घुमाया जाता है और स्नान के बाद पुनः नाग मंदिर में स्थापित किया जाता है।

यह मेला क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है, जो हर वर्ष लोगों को एकजुट करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!