CDS जनरल राजा सुब्रमणि से मिले गणेश जोशी, सैन्यधाम पर हुई चर्चा

नई दिल्ली: उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में भारत के नवनियुक्त चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनरल सुब्रमणि को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल और गौरवपूर्ण कार्यकाल की कामना की।

बैठक के दौरान दोनों के बीच भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं, गढ़वाल राइफल्स से जुड़े अनुभवों और देश की सैन्य विरासत को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में सैन्य विरासत को संरक्षित और मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर सहयोग बढ़ाना रहा।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून में निर्माणाधीन सैन्यधाम के लिए भारतीय सेना से सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने सैन्यधाम में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए आर्मी बैंड की प्रस्तुति सुनिश्चित कराने और वहां विकसित किए जा रहे सैन्य संग्रहालय (म्यूजियम) के लिए भारतीय सेना से आवश्यक सामग्री और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

सीडीएस जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने मंत्री की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना सैन्यधाम और उससे जुड़े प्रयासों के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

मुलाकात के दौरान गणेश जोशी ने सीडीएस जनरल सुब्रमणि को आगामी सितंबर माह में देहरादून में पूर्व सैनिकों द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। इस मुलाकात को उत्तराखंड और भारतीय सेना के बीच बेहतर समन्वय तथा सैन्य विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!