देहरादून: जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समाधान दिवस में मंगलवार को बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने व्यक्तिगत रूप से 171 शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को त्वरित और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना रहा।
समाधान दिवस के दौरान विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से लाखों रुपये की ठगी का मामला प्रमुखता से सामने आया। शिकायत के अनुसार करीब 15 युवाओं को झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूली गई। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एक अन्य मामले में चार वर्षों से दिव्यांग पेंशन नहीं मिलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित विभाग को मेडिकल परीक्षण कराकर एक सप्ताह के भीतर पात्र लाभार्थी की पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए, ताकि परिवार को जल्द राहत मिल सके।
इसके अलावा भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, बैंक ऋण, मुआवजा और आपदा से संबंधित मामलों पर भी विस्तार से सुनवाई हुई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विशेष रूप से युवाओं के साथ ठगी, महिलाओं और बुजुर्गों के उत्पीड़न जैसे मामलों में प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई करेगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।















Leave a Reply