रामनगर–देहरादून के बीच चलेगी पहली एक्सप्रेस ट्रेन, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी

देहरादून: उत्तराखंड के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने रामनगर–देहरादून–रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस (15310/15309) के संचालन को मंजूरी दे दी है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क पहले से अधिक मजबूत होगा। लंबे समय से उठ रही क्षेत्रीय मांग को पूरा करते हुए यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जो सीधे रामनगर और देहरादून के बीच चलेगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन हर बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से प्रस्थान करेगी और रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। अपने सफर के दौरान ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी।

नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। छात्र, किसान, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और अन्य यात्री अब एक ही दिन में देहरादून या हरिद्वार जाकर अपने जरूरी कार्य पूरे कर वापस लौट सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ यात्रा भी अधिक सुविधाजनक होगी।

यह ट्रेन पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी नई गति देगी। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों, गिरिजा देवी मंदिर और सीतावनी (सीतामढ़ी) जैसे धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही हरिद्वार और देहरादून से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह ट्रेन उपयोगी साबित होगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एसी सेकेंड क्लास, एसी थर्ड क्लास, एसी चेयर कार, स्लीपर क्लास, सेकेंड सीटिंग और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे। रेल मंत्रालय का मानना है कि इस नई सेवा से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्थानीय आवागमन को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!