तीन राज्यों में भाजपा को मिली बड़ी सफलता के बाद देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को जश्न का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और देखते ही देखते पूरा माहौल उत्सव में बदल गया।
कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ नाचकर खुशी जाहिर की। पार्टी कार्यालय में लगातार “जय श्री राम” और “मोदी-मोदी” के नारे गूंजते रहे।
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बेहतर प्रदर्शन को लेकर पार्टी नेताओं ने इसे संगठन की मेहनत, बूथ स्तर पर मजबूत रणनीति और जनता के विश्वास की जीत बताया।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता के भरोसे की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास और स्थिरता का संदेश लोगों तक पहुंचा है, जिसका परिणाम इन चुनावों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, जो आने वाले समय में और बड़ी जीत का आधार बनेगी।
प्रदेश मुख्यालय में आयोजित इस जश्न में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा और पार्टी के समर्थन में लगातार नारेबाजी होती रही।
नेताओं ने इस प्रदर्शन को आगामी चुनावों के लिए एक सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि संगठन को और मजबूत कर जन-जन तक सरकार की नीतियों को पहुंचाने का काम और तेज किया जाएगा।












Leave a Reply