रुड़की के भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र में वाहन और ढाई लाख रुपये की लूट की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। त्वरित जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
112 पर कॉल कर बताई थी लूट की वारदात
सहारनपुर निवासी सलीम पुत्र अली हसन ने 112 पर कॉल कर सूचना दी थी कि ग्राम खेड़ी शिकोहपुर में कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी और उसमें रखे करीब 2.5 लाख रुपये जबरन छीन लिए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू कर दी गई।
CCTV फुटेज से खुली पोल
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि नबीर, शौकिन और साहिब नाम के तीन लोग वाहन को अपने साथ ले गए थे। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें मामला आपसी पैसों के विवाद का निकला।
जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता ने सुनियोजित तरीके से झूठी लूट की कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
पांच लोगों पर हुई कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने वाहन ले जाने वाले तीन व्यक्तियों के साथ-साथ सूचना देने वाले सलीम और नौशाद के खिलाफ भी धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि जनता की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है, लेकिन झूठी सूचना देकर पुलिस का समय बर्बाद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












Leave a Reply