ईद-उल-अज़हा पर विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिसकर्मी पर हमला, पांच घायल

रुड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र स्थित कोटवाल आलमपुर गांव में ईद-उल-अज़हा के दौरान कुर्बानी के अवशेष हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में एक पुलिसकर्मी समेत पांच लोग घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि कुर्बानी के बाद अवशेष हटाने को लेकर गांव में कहासुनी शुरू हुई थी। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलने पर लखनौता पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार और होमगार्ड चुन्नीलाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हालात बेकाबू हो गए। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी नाक की हड्डी टूट गई।

घायलों को तुरंत रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और माहौल पर लगातार नजर रखी जा रही है।

झबरेड़ा पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *