महमूदपुर में फिर भड़का विवाद: डीजे को लेकर झड़प, 11 लोग गिरफ्तार

रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र के महमूदपुर गांव में एक बार फिर विवाद ने तूल पकड़ लिया। डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसा में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, दो पक्षों के बीच डीजे की आवाज को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह बहस मारपीट और पथराव में बदल गई। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर भारी बल तैनात करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश चली आ रही है, जो इस विवाद की बड़ी वजह बनी। गांव में पहले भी ऐसे कई झगड़े हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था बार-बार प्रभावित होती रही है।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं और 4 पुरुषों समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह विवाद पहले की रंजिश का नतीजा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही, क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!