यूटीयू पेपर लीक मामले में एफआईआर की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो विश्वविद्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस

उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में सामने आए पेपर लीक प्रकरण को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो कांग्रेस विश्वविद्यालय का घेराव कर व्यापक आंदोलन करेगी।

डॉ. गोगी ने कहा कि केवल आरोपी शिक्षक को सेवा से बर्खास्त करना पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि जब विश्वविद्यालय की जांच में आरोपी की भूमिका सामने आ चुकी है, तो उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में सिर्फ प्रशासनिक कार्रवाई से न्याय नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ हैं। इससे परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या लीपापोती छात्रों के साथ अन्याय होगी, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह भी पता लगाया जाए कि कहीं किसी अन्य अधिकारी, कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। यदि जांच में किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डॉ. गोगी ने स्पष्ट कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द एफआईआर दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू नहीं करता है, तो महानगर कांग्रेस कमेटी छात्र हितों की रक्षा के लिए उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान उत्पन्न होने वाली स्थिति की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

कांग्रेस ने दोहराया कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाने और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!