देहरादून में जलभराव रोकने के लिए नगर निगम सख्त, 71 बड़े नालों की सफाई पूरी

देहरादून: लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के बीच देहरादून नगर निगम ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम का दावा है कि अधिकांश प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर ली गई है और शेष स्थानों पर भी तेजी से काम चल रहा है, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नगर आयुक्त डॉ. आलोक कुमार पांडे ने बताया कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना लागू की गई है। उन्होंने कहा कि देहरादून में कुल 45 बड़े और 575 छोटे नाले हैं। इनमें से 71 प्रमुख नालों की सफाई का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि चार नालों पर निर्माण कार्य के चलते सफाई का काम अंतिम चरण में है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

नगर आयुक्त के अनुसार, कुछ स्थानों पर तकनीकी कारणों और नालों की क्रॉसिंग ठीक न होने से हल्की जलभराव की स्थिति बन रही है। इन समस्याओं की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है।

बारिश के दौरान जल निकासी को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर निगम ने 12 पंपिंग सेट पहले से तैनात कर दिए हैं। इसके अलावा 14 अतिरिक्त पंपिंग सेट भी जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

नगर निगम ने पूरे शहर को पांच जोन में विभाजित कर अलग-अलग टीमें तैनात की हैं। अधिकारी लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि जिन 8 फीट चौड़ी सड़कों पर ड्रेनेज सिस्टम उपलब्ध नहीं है, वहां बारिश का पानी निकालने में लगभग 2 से 2.5 घंटे का समय लग सकता है। हालांकि निगम की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को नियंत्रित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है और नागरिक सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!