उत्तराखंड में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कृषि मंत्री ने कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का जल्द से जल्द आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नुकसान का सही आंकलन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके।
दूरभाष के माध्यम से निदेशक कृषि से बातचीत करते हुए मंत्री जोशी ने निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त सर्वे कराया जाए। इससे नुकसान का सटीक मूल्यांकन संभव हो सकेगा और राहत वितरण में पारदर्शिता बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार नुकसान का आंकलन कर पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित न रहे।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सर्वे प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी बनाए रखें, ताकि किसानों की आजीविका पर पड़े असर को कम किया जा सके और उन्हें समय पर सहायता मिल सके।












Leave a Reply