पूर्णागिरि मेले में मुंडन शुल्क को लेकर विवाद, श्रद्धालुओं ने लगाया अतिरिक्त वसूली का आरोप

उत्तराखंड के चम्पावत जिले में स्थित प्रसिद्ध माँ पूर्णागिरि धाम मेले में मुंडन संस्कार के दौरान श्रद्धालुओं से अतिरिक्त पैसे वसूले जाने के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। मेला प्रशासन की निगरानी और तय शुल्क लागू होने के बावजूद श्रद्धालुओं ने बिना रसीद अधिक रकम लेने की शिकायत की है।

सोमवार को बरेली और रुद्रपुर से आए श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि मुंडन संस्कार के लिए निर्धारित ₹151 शुल्क से कहीं अधिक पैसे वसूले गए। श्रद्धालुओं का कहना है कि पहले कर्मचारियों द्वारा टोकन के नाम पर अधिक राशि ली जाती है और बाद में नाई “नौछावर” के नाम पर अलग से पैसे मांगते हैं।

बरेली निवासी ध्रुवपाल ने बताया कि एक बच्चे के मुंडन के लिए उनसे कुल ₹300 वसूले गए, जबकि तय शुल्क ₹151 था। वहीं रुद्रपुर निवासी गंगाधर ने दो बच्चों के मुंडन के लिए ₹680 तक लिए जाने का आरोप लगाया।

श्रद्धालुओं का कहना है कि शुल्क संबंधी बोर्ड ऐसी जगह लगाए गए हैं जहां आम लोगों की नजर आसानी से नहीं पहुंचती। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालु निर्धारित शुल्क की सही जानकारी नहीं ले पाते और अतिरिक्त वसूली का शिकार हो जाते हैं।

मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने कहा कि प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और शिकायत मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

माँ पूर्णागिरि धाम का यह विशाल मेला 15 जून तक चलेगा। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क वसूली के मामले प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!