रामनगर में गिरिजा देवी मंदिर परिसर में मूर्ति रखने पर विवाद, प्रशासन ने शुरू की जांच

रामनगर के प्रसिद्ध गिरिजा देवी मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति रखे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर समिति ने आरोप लगाया है कि बिना अनुमति देर रात मंदिर परिसर में मूर्ति रखी गई, जिससे धार्मिक स्थल की व्यवस्था और माहौल प्रभावित हो सकता है।

मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. निशांत पपनै और अन्य पदाधिकारियों ने एसडीएम गोपाल सिंह चौहान और कोतवाली पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। समिति का कहना है कि सोमवार रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच कुछ लोगों ने चुपचाप मंदिर परिसर में मूर्ति स्थापित कर दी।

समिति के अनुसार, घटना की जानकारी सुबह मिली जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। समिति ने आरोप लगाया कि कुछ सामाजिक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि करणी सेना की मौजूदगी में यह पूरी घटना हुई, जो नियमों के खिलाफ है।

एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि करणी सेना की ओर से मूर्ति स्थापना को लेकर पूर्व में एक आवेदन दिया गया था। हालांकि देर रात बिना अनुमति मूर्ति रखे जाने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रशासन ने जांच के आदेश देते हुए पुलिस और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *