हरिद्वार में राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर देश के विकास और आधुनिक भारत के निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी को सूचना क्रांति का जनक माना जाता है। उन्होंने देश को तकनीकी विकास की नई दिशा दी और कंप्यूटर एवं दूरसंचार क्रांति को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य किया। नेताओं ने कहा कि युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर उन्होंने लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया तथा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने की बात कही।

इस मौके पर कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी नेता थे और उन्होंने हमेशा युवा शक्ति को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में राजीव गांधी का योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *