रुड़की में कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर उठे सवाल

रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए और युवाओं से बड़ी संख्या में जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू ने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है, जिससे मेहनत करने वाले छात्रों का विश्वास टूट रहा है।

वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में छात्रों और युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रीतम सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में युवा इन मुद्दों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।

इस दौरान मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों का आत्मविश्वास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर रोक और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने की मांग को लेकर आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने युवाओं और छात्रों से 17 जुलाई को आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!