देहरादून में जन शिकायतों को लेकर उत्तराखंड सरकार की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीधे मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
राज्य सचिवालय में निर्धारित बैठक से पहले ही मुख्यमंत्री देहरादून के जाखन क्षेत्र पहुंचे। यहां स्थानीय निवासी विवेक मदान द्वारा राजपुर रोड पर फुटपाथ क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करने के दौरान फुटपाथ को खोदा गया, लेकिन बाद में सही तरीके से मरम्मत नहीं की गई। इसके चलते टाइल्स धंस गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने न केवल स्थिति का निरीक्षण किया, बल्कि शिकायतकर्ता को अपने साथ लेकर संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉल के जरिए जमीनी हकीकत भी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि जनता को बार-बार दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि कई जगहों पर अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद बिजली के तार ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जो आम लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना उचित योजना के किए गए कार्य से न केवल जनता को परेशानी होती है, बल्कि सरकारी धन की भी बर्बादी होती है।
उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि पूरे प्रदेश में इस तरह की शिकायतों की समीक्षा की जाए और जहां भी समस्या हो, वहां तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
औचक निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में वे प्रदेशभर में इस तरह के अचानक निरीक्षण जारी रखेंगे।














Leave a Reply