देहरादून: उत्तराखंड में रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाए हुए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने का अनुरोध किया। अब उत्तराखंड लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात के उद्देश्य और इसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड की रेल सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य को वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेन की सुविधा मिली है। इसके अलावा देहरादून-टनकपुर रेल सेवा जैसी महत्वपूर्ण पहलें भी राज्य की बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में अहम कदम साबित हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में उनका मुंबई दौरा भी हुआ था, जहां उन्होंने बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रवासी नागरिकों ने देहरादून, हरिद्वार और राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के लिए रेल सेवाओं का विस्तार करने की मांग रखी। उनका कहना था कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और राज्य के पर्यटन एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों की इन मांगों और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष विस्तार से रखा। उन्होंने राज्य में नई रेल परियोजनाओं और मौजूदा रेल सेवाओं के विस्तार का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार उत्तराखंड की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए रेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए सकारात्मक निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने और उत्तराखंड को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।














Leave a Reply