रिपोर्ट: सुभाष चंद
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने खटीमा दौरे के दौरान जनसंपर्क और संवेदनशीलता का एक और उदाहरण पेश करते नजर आए। उन्होंने ग्राम सभा श्रीपुर बिचुआ पहुंचकर एक शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और साथ ही क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासी रमेश सिंह चड्डा के घर पहुंचकर उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती रामा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान सीएम धामी ने केवल संवेदना ही नहीं जताई, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र की सभी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने श्रीपुर बिचुआ में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विकास कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय पक्ष भी सामने आया, जब उन्होंने हेलीपैड पर बच्चों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। बच्चों के बीच मुख्यमंत्री की मौजूदगी से उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।













Leave a Reply