देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर्रावाला रेलवे स्टेशन, देहरादून से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रभक्ति से जुड़ने का एक प्रेरणादायक अभियान बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान, संघर्ष और पुनर्निर्माण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि छह दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 700 श्रद्धालु शामिल हुए हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज के सदस्य और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इससे न केवल आध्यात्मिक अनुभव मिलता है बल्कि राष्ट्रीय एकता भी मजबूत होती है।
उन्होंने सभी यात्रियों की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय परंपराओं के संरक्षण में अहम योगदान देते हैं।














Leave a Reply