केदारनाथ और बद्रीनाथ पुनर्विकास कार्यों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, समयबद्ध निर्माण और बेहतर कूड़ा प्रबंधन पर दिया जोर

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास परियोजना तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने दोनों धामों में निर्माण कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने और परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केदारनाथ में छह नए ब्लॉकों का कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉकों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक परियोजना की भौतिक और वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों की लगातार निगरानी की जाए ताकि निर्माण में किसी प्रकार की देरी न हो।

यात्रा क्षेत्र के लिए बनेगी व्यापक कूड़ा प्रबंधन योजना

मुख्य सचिव ने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी को केदारनाथ यात्रा क्षेत्र के लिए व्यापक और एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बढ़ने वाले कचरे के वैज्ञानिक और व्यवस्थित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए राज्य सरकार आवश्यक वित्तीय, तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराएगी।

बद्रीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों में तेजी लाने पर जोर

बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान फेज-1 और फेज-2 के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों के साथ-साथ परियोजना से जुड़े कंटेंट और आर्ट वर्क को भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि पूरी परियोजना निर्धारित समय पर पूरी हो सके।

ऑपरेशन और मेंटेनेंस का फ्रेमवर्क पहले से तैयार करने के निर्देश

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में विकसित हो रही सभी परिसंपत्तियों और सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव (Operation & Maintenance) के लिए पहले से ही स्पष्ट फ्रेमवर्क तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि संचालन करने वाली संस्थाओं का पहले से निर्धारण होगा तो परियोजनाओं के हैंडओवर के बाद रखरखाव में किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी।

बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार सहित संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!