मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुस्तक को सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक मार्गदर्शिका बताते हुए लेखक के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ जनता की सेवा करे। उन्होंने कहा कि सुशासन के लिए नियमों, संवैधानिक प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की सही जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद पहली बार ऐसी पुस्तक तैयार की गई है, जिसमें सेवा नियम, शासनादेश, संवैधानिक प्रावधान और न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णय एक ही स्थान पर सरल भाषा में उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि सरकारी सेवाओं से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक व्यावहारिक गाइड है। इससे उन्हें अपने अधिकारों, कर्तव्यों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की बेहतर समझ मिलेगी, जिससे वे अधिक दक्षता और आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि जनता के जीवन को आसान बनाना और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है।
पुस्तक के लेखक आर.सी. लोहनी ने बताया कि ‘सेवा विधि’ में सरकारी सेवा से जुड़े नियुक्ति, आरक्षण, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सेवा नियम, अवकाश, सेवानिवृत्ति, आचरण नियम, राजभाषा अधिनियम सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों को संवैधानिक प्रावधानों और न्यायालयों के निर्णयों के आधार पर सरल रूप में संकलित किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ साबित होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।














Leave a Reply