₹495 करोड़ की विकास योजनाओं को मुख्यमंत्री धामी की मंजूरी, कुंभ 2027 से लेकर सड़क, पार्किंग और स्थानीय निकायों को मिली बड़ी सौगात

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों हेतु ₹495 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां, सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, शहरी विकास, जिला पंचायतों को वित्तीय सहायता, पार्किंग निर्माण और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, राज्य के विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास, स्थानीय निकायों को वित्तीय सहायता तथा जनहित से जुड़ी घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए यह राशि स्वीकृत की गई है। सरकार का उद्देश्य आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों में तेजी लाना है।

स्वीकृत योजनाओं में नरेंद्र नगर विधानसभा के भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए ₹3.08 करोड़, भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹53.51 लाख, धारचूला में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर मार्ग के निर्माण, रामपादुका मंदिर स्नान घाट, चंपावत महिला प्रौद्योगिकी पार्क, हरिद्वार और लक्सर में सड़क निर्माण, तथा सितारगंज में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा रामनगर की पुरानी तहसील परिसर में बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण के लिए ₹38.58 करोड़, चंपावत में एडवेंचर पार्क के लिए ₹3.05 करोड़, रुद्रपुर पीएसी परिसर में बैरक और आरटीसी भवन, ग्राम गुंजी के सर्वांगीण विकास, तथा कुंभ मेला-2027 के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी बड़ी धनराशि मंजूर की गई है। वहीं, शहरी स्थानीय निकायों के लिए ₹328.28 करोड़ और जिला पंचायतों के लिए ₹82.21 करोड़ की तदर्थ वित्तीय सहायता भी स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार और स्वायत्त निकायों के उन कर्मचारियों के लिए भी महंगाई भत्ते (DA) में वृद्धि को मंजूरी दी है, जो पांचवें और छठवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे हैं। इसके तहत पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत तथा छठवें वेतनमान का महंगाई भत्ता 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है। यह बढ़ी हुई दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में दो मोटर मार्गों के नाम परिवर्तन को भी मंजूरी दी है। बिडोरा-छेवी पातशाही गेट से धूमखेड़ा मार्ग का नाम “साहिबजादे फतेह सिंह रोड” तथा सौनी-डौडाखाल-तिपोला मोटर मार्ग का नाम राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!