मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने SIR तैयारियों की समीक्षा की, जिलाधिकारियों को दिए अहम निर्देश

देहरादून में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।

बैठक में SIR अभियान की तैयारियों, मतदाता सूची पुनरीक्षण और बूथ स्तर की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

फार्म 6, 7 और 8 की रोजाना समीक्षा के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए मैपिंग कार्य में तेजी लाई जाए।

उन्होंने कहा कि फार्म 6, 7 और 8 का प्रतिदिन अनिवार्य रूप से रिव्यू कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची में सुधार प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।

एक सप्ताह में BLA को सौंपें ASD सूची

बैठक के दौरान डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर तैयार ASD (Absent, Shifted, Death) सूची को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ साझा किया जाए।

उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी ASD सूचियां संबंधित बूथ लेवल एजेंट्स को उपलब्ध करा दी जाएं।

प्रिंटिंग और लॉजिस्टिक प्लान की भी हुई समीक्षा

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक और वितरण योजना की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी आगामी एक सप्ताह के भीतर नगर निगम क्षेत्रों के नगर आयुक्तों के साथ बैठक कर SIR अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएं।

इसके साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बेहतर और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

कई अधिकारी रहे बैठक में मौजूद

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!