हर्षिल में BLO मिंटो देवी के कार्य की सराहना, बोले— “पूरे देश के लिए प्रेरणा”
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय उत्तराखण्ड दौरे पर शनिवार को उत्तरकाशी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारत-चीन सीमा से सटे सीमांत क्षेत्रों के पोलिंग बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों की समीक्षा की। उत्तरकाशी पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने झाला हेलीपैड पर उनका स्वागत किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के सीमांत गांव हर्षिल स्थित पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ विस्तृत संवाद करते हुए एसआईआर की मैपिंग और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने BLO श्रीमती मिंटो देवी के कार्यों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण पूरे देश के बीएलओ के लिए प्रेरणास्रोत है।
‘स्मार्ट टेक्नोलॉजी’ से हो रहा मतदाता सूची का शुद्धीकरण
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर्स बीएलओ ऐप के माध्यम से “एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं” की पहचान कर मतदाता सूची को शुद्ध बनाने का कार्य कर रहे हैं। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को वोटर लिस्ट में जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग समर्पण के साथ कार्य कर रहे सभी बीएलओ को सैल्यूट करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि देशभर के बीएलओ इसी दक्षता और निष्ठा के साथ लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य करेंगे।
गंगोत्री धाम पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त, साधु-संतों से किया संवाद
अपने दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त गंगोत्री धाम भी पहुंचे, जहां उन्होंने धर्मपत्नी के साथ मां गंगा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद उन्होंने गंगोत्री के विशेष पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया, जहां शत-प्रतिशत मतदाता साधु-संत और संन्यासी हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने साधु-संतों के लोकतांत्रिक जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की विविधता और मजबूती की अनूठी मिसाल है।
एसआईआर तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने देर शाम हर्षिल में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने एसआईआर मैपिंग और एएसडीडी सूची के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में उप जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, ईआरओ गंगोत्री/एसडीएम शालिनी नेगी सहित पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।






Leave a Reply