चारधाम यात्रा के बीच ऋषिकेश के श्यामपुर नटराज बाईपास मार्ग पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब स्थानीय यूनियन से जुड़े लोगों ने चंडीगढ़ नंबर के एक टेंपो ट्रैवलर को रोक दिया। वाहन रोकने को लेकर सड़क पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और विवाद देखने को मिला।
यूनियन सदस्यों का आरोप है कि वाहन के पास चारधाम यात्रा के लिए आवश्यक ग्रीन कार्ड नहीं था। साथ ही वाहन से जुड़े अन्य जरूरी दस्तावेज भी पूरे नहीं थे। उनका कहना है कि बाहरी राज्यों के वाहनों को नियमों की अनदेखी कर यात्रा मार्ग पर भेजा जा रहा है, जबकि स्थानीय वाहन संचालक यात्रियों के इंतजार में खड़े हैं।
दूसरी ओर, टेंपो ट्रैवलर में सवार श्रद्धालुओं ने यूनियन के व्यवहार पर नाराजगी जताई। यात्रियों का कहना है कि वाहन जांच का अधिकार परिवहन विभाग और पुलिस के पास है। सड़क पर इस तरह वाहन रोककर दबाव बनाना और दादागिरी करना गलत है।
वाहन चालक ने बताया कि ग्रीन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया जारी थी और दस्तावेज परिवहन कार्यालय में तैयार किए जा रहे थे। इसके बावजूद उन्हें यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ने से रोका गया।
घटना के बाद चारधाम यात्रा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं राज्य की पर्यटन छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं।












Leave a Reply