प्रदेश में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा और आपदा प्रबंधन तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi ने शुक्रवार सुबह विजय कॉलोनी क्षेत्र का दौरा कर बिन्दाल नदी में प्रस्तावित चैनलाइजेशन कार्यों और पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विजय कॉलोनी पुल से बद्रीनाथ कॉलोनी तक चैनलाइजेशन कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं ताकि जलभराव और संभावित आपदाओं से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित रखा जा सके।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से लगातार मॉनिटरिंग बनाए रखने और बरसात के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान मंत्री ने विजय पेयजल कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में क्षेत्रवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की जल समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने विशेष रूप से नीलकंठ विहार, विजय कॉलोनी भाग-3 बस्ती और मुख्य चौराहे के आसपास रहने वाले लोगों के घरों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के ईई पुरुषोत्तम कुमार, जल संस्थान के ईई आशीष भट्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, महामंत्री भावना चौधरी, पूर्व पार्षद सत्येन्द्र नाथ, राजेश शर्मा, डॉ. बबीता सहौत्रा, ओम प्रकाश बवाड़ी, दीपक बहुखण्डी, कुशाल सहित कई क्षेत्रवासी मौजूद रहे।












Leave a Reply