उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई (MRI) मशीन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने सीमांत क्षेत्र के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल अस्पतालों का निर्माण ही नहीं कर रही, बल्कि उन्हें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से भी सशक्त बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब चंपावत और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच अब स्थानीय स्तर पर ही संभव होगी। इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे, वहीं समय पर उपचार मिलने से कई लोगों की जान भी बचाई जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग सुविधा भी विकसित की जा रही है। वहीं अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत करने के लिए 470.05 लाख रुपये की लागत से 129 बेड वाले आधुनिक नर्सिंग छात्रावास का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को निशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव किसी भी परिवार के इलाज में बाधा न बने। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से विकसित और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
















Leave a Reply