चकराता: भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, चित्र प्रदर्शनी और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, उनका लाभ उठाने और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंतिम दिन कैंट इंटर कॉलेज, चकराता के छात्र-छात्राओं ने भाषण, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम स्थल पर लगी चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉलों से सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। वहीं, छात्रों द्वारा प्रस्तुत जौनसारी लोकनृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। विद्यालय की प्रधानाचार्य मृदुला थापा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग, बाल विकास विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों और स्वयं सहायता समूहों ने सूचना स्टॉल लगाए। यहां ग्रामीणों को कृषि, पोषण, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
समापन समारोह में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता और ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जौनसार पब्लिक स्कूल के जूनियर वर्ग में नमस्वी तोमर प्रथम, अर्पित रंजन द्वितीय और एना तोमर तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में शम्भवी ने पहला, अरैना चांदना ने दूसरा और ईशांत नेगी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं, कैंट इंटर कॉलेज में आयोजित ‘विकसित भारत’ विषयक चित्रकला प्रतियोगिता में नाव्या प्रथम, प्रिन्सी द्वितीय और कृष तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में गरिमा ने पहला, आराध्य तोमर ने दूसरा और सोनाक्षी वर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया।














Leave a Reply