संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश में एलपीजी गैस सिलेंडरों में कम गैस मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक उपभोक्ता गैस सप्लाई कर्मचारी से सवाल-जवाब करते हुए नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि शहर में गैस की किल्लत के बीच कुछ उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम गैस वाले सिलेंडर दिए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि घर पहुंचे सिलेंडर को जब वेट मशीन पर तोला गया, तो उसमें करीब तीन किलो गैस कम निकली।
इस पर उपभोक्ता ने मौके पर ही सप्लाई कर्मचारी को फटकार लगाई और जवाब मांगा। वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि कर्मचारी ने अवैध रिफिलिंग (गैस निकालने) की बात स्वीकार की।
अवैध रिफिलिंग के आरोप, कई वीडियो हो चुके हैं वायरल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सप्लाई वाहनों में ही अवैध रूप से गैस निकालने (रिफिलिंग) का खेल चल रहा है। ऐसे कई वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
हालांकि, वायरल हो रहे इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इसे ऋषिकेश का बताया जा रहा है।
उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सलाह
इस घटना के बाद उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है। गैस सिलेंडर लेते समय इन बातों का ध्यान रखें:
- सिलेंडर को डिलीवरी के समय जरूर तौलें
- सील और कैप की जांच करें
- किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत शिकायत दर्ज करें
गैस सिलेंडर जैसी जरूरी सेवा में लापरवाही और गड़बड़ी आम लोगों पर सीधा असर डालती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और निगरानी बेहद जरूरी है, ताकि उपभोक्ताओं को पूरा हक मिल सके।













Leave a Reply