देहरादून: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को अनारवाला-मालसी मोटर मार्ग पर चल रहे मरम्मत एवं सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अनारवाला-मालसी मार्ग स्थानीय लोगों, पर्यटकों और दैनिक आवागमन करने वाले नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। ऐसे में सभी निर्माण और मरम्मत कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
कैबिनेट मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए संवेदनशील और जोखिम वाले स्थानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सड़क किनारे मौजूद बड़े पेड़ों की लॉपिंग और छंटाई तत्काल कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश और तेज आंधी के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
इसके साथ ही मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सड़क मार्ग के बीच या आवागमन में बाधा बन रहे बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर शिफ्ट किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सड़क को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान मसूरी प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर, लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार, यूपीसीएल के ईई एसडीएस बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, संध्या थापा, निर्मला थापा सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।












Leave a Reply