जसपुर : उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर में विश्व हिंदू सुरक्षा संगठन के तत्वावधान में ब्लड बैंक जसपुर द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान महादान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जिला चेयरमैन खड़क सिंह चौहान शामिल हुए। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर लोगों को सामाजिक सरोकार से जुड़ने का संदेश दिया और कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है।
विश्व हिंदू सुरक्षा संगठन के कुमाऊं संयोजक नीलकमल शर्मा ने बताया कि शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की। उनका कहना था कि रक्तदान न केवल मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है, बल्कि इससे रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में पांच दर्जन से अधिक यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है, इसलिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए।
हालांकि आयोजन के दौरान रक्तदाताओं की संख्या अपेक्षा से कम रही। इसके बावजूद आयोजकों ने इसे जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भविष्य में ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।
















Leave a Reply