भाजपा में दूसरे दिन भी सदस्यता अभियान तेज, 2027 में लगातार तीसरी जीत का दावा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का संगठनात्मक विस्तार लगातार जारी है। शनिवार को भी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी का कहना है कि डबल इंजन सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। इस दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में कुंदन परिहार ने नवागंतुकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने की अपील की।

कुंदन परिहार ने कहा कि लगातार बढ़ता भाजपा परिवार और पार्टी का विस्तारित जनाधार इस बात का संकेत है कि वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में मजबूत स्थिति में है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से भाजपा रिकॉर्ड बहुमत हासिल करेगी।

इस अवसर पर टिहरी जिले की नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र से कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा। इनमें ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह पंवार, सावित्री देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेंद्र सिंह, वार्ड सभासद विजय सिंह पंवार सहित प्रेम सिंह चौहान, लोक सिंह चौहान, चैन सिंह चौहान, सुंदर सिंह चौहान, हरीपाल सिंह चौहान, बिजेंद्र सिंह चौहान, बलदेव सिंह सजवाण, मातवर सिंह सजवाण, मनोज सिंह सजवाण, लक्ष्मण सिंह जियाला, सुम्बेश्वरी देवी, कलावती देवी, कमल सिंह नेगी और कृष्ण सिंह चौहान प्रमुख रूप से शामिल रहे।

नए सदस्यों ने सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन की विचारधारा को मजबूत करने का भी संकल्प लिया।

सदस्यता ग्रहण समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, नलिन भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी नए सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!