हरेला पर्व के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पौधरोपण कर पार्टी के बूथ स्तरीय वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि हरेला केवल उत्तराखंड का पारंपरिक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण से समृद्ध उत्तराखंड देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी हरेला पर्व को अपने सात प्रमुख वार्षिक संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल करती है। इसी क्रम में पूरे प्रदेश में संगठन की ओर से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में हरेला का पर्व सदियों से प्रकृति के प्रति आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता आया है तथा यह पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष भाजपा ने प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 50 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से प्रेरित होकर यह वृक्षारोपण अभियान पूरे प्रदेश में एक माह तक संगठनात्मक कार्यक्रम के रूप में संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा उत्तराखंड को हरित और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। पार्टी का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण मिल सके।
















Leave a Reply