खटीमा : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उनके गृह क्षेत्र खटीमा में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न धार्मिक और जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए सुंदरकांड का पाठ, प्रसाद वितरण और राहगीरों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई।
खटीमा चौराहा स्थित शनि देव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं और राहगीरों को प्रसाद वितरित किया गया। गर्मी को देखते हुए प्याऊ लगाकर लोगों को ठंडा पेयजल भी उपलब्ध कराया गया।
इस मौके पर भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उनका कहना था कि धामी सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता को मिला है।
भाजपा नेता प्रकाश आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और जनहित के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं, उत्तराखंड सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल की तरह ही मुख्यमंत्री धामी का कार्यकाल भी विकास और जनविश्वास के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को नई पहचान मिली है।
कार्यक्रम के समापन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पांच वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा होने पर शुभकामनाएं और बधाई दी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भविष्य में भी प्रदेश के विकास की गति बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
















Leave a Reply