पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी अब जीत का जश्न प्रदेशभर में बड़े स्तर पर मनाने जा रही है। भाजपा ने निर्णय लिया है कि पश्चिम बंगाल में मिली जीत के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में तीन दिनों तक बूथ स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी जिला, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को जश्न कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हर कार्यकर्ता की भागीदारी सुनिश्चित करेगी ताकि जीत का उत्साह संगठन के अंतिम कार्यकर्ता तक पहुंचे।
बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम
भाजपा के अनुसार, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर विजय उत्सव मनाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क और उत्सव कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच पहुंचेंगे।
कांग्रेस पर भाजपा का हमला
भाजपा प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस समय आंतरिक गुटबाजी और नेतृत्व विवाद से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए पैसों का खेल चल रहा है, जबकि भाजपा विकास और संगठन के एजेंडे पर काम कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों और संगठन की मजबूती के चलते वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी।
2027 चुनावों पर भाजपा की नजर
भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी अभी से आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। इसी रणनीति के तहत कार्यकर्ताओं में उत्साह बनाए रखने के लिए विजय उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।












Leave a Reply