उत्तराखंड में SIR अभियान को सफल बनाने में जुटी भाजपा

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को देहरादून में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, विधायक और मंत्री मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के दूसरे चरण को प्रभावी ढंग से सफल बनाना और अधिक से अधिक मतदाताओं को इससे जोड़ना रहा।

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में कई ऐसे मतदाता थे जो किसी कारणवश प्रक्रिया से नहीं जुड़ सके। ऐसे सभी पात्र मतदाताओं को अभियान से जोड़ने के लिए पार्टी स्तर पर विशेष रणनीति बनाई गई है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि बैठक में BLA-1 (बूथ लेवल एजेंट) को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि वे फॉर्म-6 के माध्यम से नए एवं पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कैसे सुनिश्चित करें और अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित SIR अभियान को भी पूर्ण सहयोग देना है। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाताओं को जागरूक करें और पंजीकरण प्रक्रिया में उनकी सहायता करें।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी उद्देश्य के साथ पार्टी संगठन बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी बनाने में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!