2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में बीजेपी, नितिन नवीन ने नेताओं को दिया ग्राउंड लेवल पर सक्रिय रहने का मंत्र

उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दूसरे दिन पार्टी विधायकों और सांसदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की रणनीति, संगठन की मजबूती और जनता के बीच पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में सभी सांसदों और विधायकों को अपने क्षेत्र के 100 बुद्धिजीवी लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पार्टी जिन सीटों पर पिछला चुनाव हार चुकी है, वहां विशेष रणनीति के तहत काम करने को कहा गया है।

बैठक में बूथ मैनेजमेंट को चुनावी सफलता की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं को गांवों में प्रवास करने और जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा सरकार के पिछले 10 वर्षों के विकास कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर बुकलेट तैयार कर जनता तक पहुंचाने की योजना पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *