चुनाव से पहले बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने में जुटी भाजपा, बूथ अध्यक्षों और समितियों पर फोकस

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी का पूरा जोर बूथ आधारित संगठनात्मक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने पर है, ताकि चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर तक मजबूती मिल सके।

भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक ताकत उसकी बूथ व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि पार्टी की कार्यप्रणाली पूरी तरह बूथ आधारित है और एक कार्यकर्ता की संगठनात्मक यात्रा भी बूथ से शुरू होकर शक्ति केंद्र, मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचती है। यही कारण है कि पार्टी का सबसे अधिक फोकस बूथों को मजबूत करने पर रहता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति और बूथ समितियों के गठन एवं सशक्तीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। पार्टी यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और मजबूत संगठनात्मक टीम मौजूद रहे।

तरुण बंसल ने कहा कि भाजपा के सभी प्रमुख कार्यक्रम बूथ स्तर को केंद्र में रखकर आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद होता है, उनका फीडबैक लिया जाता है और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भाजपा का लक्ष्य संगठन को मजबूत करते हुए प्रत्येक बूथ पर जनसंपर्क बढ़ाना और कार्यकर्ताओं को चुनावी दृष्टि से पूरी तरह तैयार करना है।

आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा की यह बूथ-केंद्रित रणनीति संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी तैयारियों को भी नई गति देने का प्रयास मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!