भोगपुर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, चोरी के सामान सहित पकड़ा गया

रूड़की: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने भोगपुर में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 12 अप्रैल को भोगपुर स्थित एक मंदिर के केयरटेकर राजवीर (पुत्र पाला), निवासी गोधना, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने मंदिर में घुसकर हथौड़ी से सिर पर वार कर उनकी जान ले ली।

घटना के बाद आरोपी ने मंदिर से एक इन्वर्टर और चढ़ावे के करीब 200 रुपये भी चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, पास के एक अन्य मंदिर से एम्पलीफायर भी चुरा लिया गया। दोनों घटनाओं के संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर एसपी देहात और सीओ लक्सर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर गहन जांच (मैनुअल पतारसी-सुरागरसी) के जरिए आरोपी की पहचान की।

14 अप्रैल को पुलिस ने टांडा भागमल क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी चोरी के सामान के साथ भागने की फिराक में था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल चौधरी (पुत्र परविंदर कुमार), उम्र 25 वर्ष, निवासी अलमासपुर, नई मंडी (मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर है और शराब का आदी बताया जा रहा है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काम की तलाश में कनखल आया था और उसी दौरान भोगपुर में अपनी मौसी के घर ठहरा हुआ था। रात के समय उसने मौसी के घर से हथौड़ा और पेचकस लेकर चोरी की नीयत से मंदिर का ताला तोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान केयरटेकर के जागने पर उसने घबराकर हथौड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, पेचकस और चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *