भगवानपुर हत्याकांड का खुलासा: होटल में विवाद के बाद युवक की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में 2 आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 17 मई को बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले मार्ग पर नदी किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शव की पहचान के लिए पुलिस ने गृह मंत्रालय के NETGRID पोर्टल का सहारा लिया। पोर्टल पर फोटो अपलोड करने के बाद मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में जांच की। बाद में मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी 23 वर्षीय कलीम के रूप में हुई।

मामले की जांच में पुलिस ने करीब 120 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक काली क्रेटा कार संदिग्ध पाई गई। इसके बाद पुलिस होटल धरोहर पहुंची, जहां पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कलीम अपने भाई कामिल के साथ काम की तलाश में भगवानपुर आया था। दोनों खाना खाने के लिए होटल धरोहर पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि होटल संचालकों और उनके साथियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कामिल मौके से भाग निकला, लेकिन कलीम को आरोपियों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद आरोपी शव को क्रेटा कार की डिग्गी में डालकर नदी किनारे फेंक आए। पुलिस ने सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल सामान और वाहन भी बरामद कर लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!