रुद्रप्रयाग: विकासखंड ऊखीमठ के सभागार में शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं और लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान पेयजल निगम, जल संस्थान, स्वजल, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, सिंचाई, लघु सिंचाई, ग्रामीण निर्माण विभाग और शिक्षा विभाग सहित कई विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति से सदन को अवगत कराया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में पेयजल संकट, क्षतिग्रस्त सड़कों, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग की। इस पर संबंधित विभागों को विकास कार्यों में तेजी लाने और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनमें बिना देरी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए विभागीय अधिकारी नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों के संपर्क में रहकर विकास कार्यों की जानकारी साझा करें।
वहीं, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला ने कहा कि बीडीसी बैठक केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विकास कार्यों की समीक्षा और जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत और विकास कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख राकेश सिंह नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, जिला पंचायत सदस्य अमित मेखंडी, जिला पंचायत सदस्य ल्वारा सुबोध उनियाल, प्रधान संगठन अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी अनुष्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















Leave a Reply