देहरादून पुलिस ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम को कथित तौर पर एक चर्चित हत्याकांड में फंसाने की साजिश के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत फर्जी ऑडियो और वीडियो तैयार कर भाजपा नेताओं की छवि धूमिल करने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए की गई गहन विवेचना के बाद पुलिस ने पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामला पांच जनवरी 2026 का है, जब भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों से मिलीभगत कर उनके खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत ऑडियो-वीडियो तैयार की। आरोप था कि इन सामग्रियों को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर भाजपा और उसके वरिष्ठ नेताओं की छवि खराब करने के साथ-साथ प्रदेश में शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया।
तहरीर के आधार पर डालनवाला कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने विस्तृत और गहन जांच के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, बयानों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुरेश राठौर के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाईं।
पुलिस के अनुसार जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 14 जून को मुखबिर की सूचना पर सुरेश राठौर को बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेजने के आदेश दिए।
दून पुलिस की इस कार्रवाई को एक संवेदनशील और चर्चित मामले में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति या संस्था की छवि खराब करने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














Leave a Reply