रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में नकली नोट चलाने का मामला सामने आया है। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 850 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। बरामद नोटों पर एक ही सीरियल नंबर होने से पुलिस को नोटों के फर्जी होने का संदेह हुआ, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक नितिन बिष्ट शुक्रवार शाम पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि मुंडलाना निवासी अल्ताफ उर्फ इल्ताफ नकली नोटों का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी कुछ दिन पहले मुंडलाना रोड स्थित पेट्रोल पंप पर नकली नोट देकर पेट्रोल भरवाने पहुंचा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अकबरपुर-सिक्खर रोड स्थित नए स्विमिंग पूल के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 100 रुपये के 8 और 50 रुपये का एक नकली नोट बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने नोटों के नकली होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।














Leave a Reply