ऋषिकेश में पैतृक संपत्ति विवाद ने लिया उग्र रूप, दो महिलाओं समेत पांच लोग गिरफ्तार

ऋषिकेश में पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद उस समय उग्र हो गया, जब भाई-बहनों के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मायाकुंड क्षेत्र में हुए हंगामे और विवाद के बाद दून पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो महिलाओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी।

घटना ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के मायाकुंड स्थित गली नंबर-5 की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों पक्षों के लोग बहस और मारपीट की स्थिति में थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार विवाद में शामिल सभी लोग आपस में रिश्तेदार और भाई-बहन हैं। मौके पर लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के चलते पुलिस ने बीएनएसएस (BNSS) की धारा 170(1), 126 और 135 के तहत कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए लोगों में दिवाकर साना, दिनेश कुमार साना, मीना मंडल, अभिलाष कुमार और रेखा साना शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर विवाद और मारपीट की स्थिति बनने से आसपास का माहौल भी प्रभावित हो रहा था, इसलिए एहतियातन कार्रवाई की गई। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक या संपत्ति संबंधी विवादों का समाधान बातचीत और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से करें। सार्वजनिक स्थानों पर विवाद या मारपीट की स्थिति बनने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!