रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर स्थित सीतावनी रोड पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब हाथियों का एक झुंड अचानक सड़क पर आ गया। वन क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर वाहन चालकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखी, लेकिन इसी दौरान झुंड में शामिल एक हाथी अचानक आक्रामक हो गया और सड़क किनारे लगा साइन बोर्ड तोड़कर नीचे गिरा दिया।
घटना रामनगर के सीतावनी रोड पर टेड़ा वन चौकी से कुछ आगे की बताई जा रही है। हाथियों के सड़क पर आने से वाहनों की रफ्तार पूरी तरह धीमी पड़ गई और चालक कुछ समय तक वहीं रुककर वन्यजीवों के जंगल की ओर लौटने का इंतजार करते रहे।
इस दौरान एक हाथी ने अचानक गुस्से में आकर सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड पर हमला कर दिया। अपनी ताकत से उसने बोर्ड को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वन विभाग ने जारी की महत्वपूर्ण सलाह
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सीतावनी रोड वन्यजीवों का प्राकृतिक आवागमन मार्ग (कॉरिडोर) है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि यदि सड़क पर हाथी या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं। वाहन को सुरक्षित दूरी पर रोकें, हॉर्न न बजाएं, वाहन से बाहर न निकलें और किसी भी प्रकार का रोमांच दिखाने या वन्यजीव के करीब जाने की कोशिश न करें। अधिकारियों का कहना है कि कुछ मिनट का धैर्य किसी बड़े हादसे से बचा सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीतावनी रोड पर अक्सर हाथियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों और वाहन चालकों को वन विभाग की एडवाइजरी का पालन करना चाहिए, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
















Leave a Reply