पुरानी रंजिश में प्रधान पति ने सगे भाई को मारी गोली, लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग के बाद फरार

रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। गांव के प्रधान पति पर अपने ही सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारने का आरोप है। गोली लगने से घायल भाई की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, बाजुहेड़ी निवासी प्रधान पति किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।

आरोप है कि गुस्से में आकर किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राजेश सैनी पर गोली चला दी। गोली लगते ही करीब 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट और धनौरी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

वारदात के बाद आरोपी किशोर सैनी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद बाजुहेड़ी गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात को लेकर चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!