उच्च व तकनीकी शिक्षा में खत्म होंगे सभी अटैचमेंट, मूल तैनाती पर लौटेंगे शिक्षक-कर्मचारी: धन सिंह रावत

उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग में अटैचमेंट व्यवस्था होगी समाप्त

उत्तराखंड सरकार ने उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग में वर्षों से चली आ रही अटैचमेंट (सम्बद्धता) व्यवस्था को समाप्त करने का बड़ा निर्णय लिया है। उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रकार की सम्बद्धताओं को समाप्त कर शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थलों पर वापस भेजा जाए।

मंत्री ने बताया कि वर्तमान में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने मूल कॉलेजों और संस्थानों के बजाय अन्य महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और विभागों में सम्बद्ध अथवा प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। इससे कई शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

डॉ. रावत ने कहा कि विद्यालयी शिक्षा विभाग की तर्ज पर अब उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग में भी अटैचमेंट व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी सम्बद्धताओं को खत्म कर संबंधित कार्मिकों को उनके मूल तैनाती स्थलों पर भेजा जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सभी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों में मानव संसाधनों का संतुलित और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके और संस्थानों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बन सके।इसके अलावा प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कर्मचारियों की भी समीक्षा कर आवश्यकतानुसार उन्हें शीघ्र उनके मूल विभागों और संस्थानों में वापस भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!