देहरादून में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक, मंत्री गणेश जोशी ने दिए अहम निर्देश

देहरादून में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कृषि एवं उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में विशेष रूप से मई माह में प्रस्तावित कृषि एक्सपो की तैयारियों पर चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि यह एक्सपो किसानों के लिए नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी का महत्वपूर्ण मंच होगा, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

वहीं, हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर भी बैठक में विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के दो जिलों में 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षति दर्ज की गई है।

  • ऊधम सिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में 10.95 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित
  • टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक में 5.06 हेक्टेयर में फसल नुकसान
  • उद्यानिकी फसलों में करीब 18.04 हेक्टेयर क्षेत्र में भारी क्षति

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत सरकार के निर्धारित मानकों के तहत जल्द से जल्द सर्वे और कागजी प्रक्रिया पूरी कर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राहत कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *