उत्तराखंड के रामनगर से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर उसे हरिद्वार में अकेला छोड़कर फरार होने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह गंगा स्नान के लिए पति के साथ हरिद्वार गई थी, लेकिन स्नान के दौरान उसका पति अचानक गायब हो गया। कई दिनों तक भटकने के बाद वह किसी तरह रामनगर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों, भाजपा नेताओं और पुलिस ने उसकी मदद की।
महिला ने अपनी पहचान अल्मोड़ा जिले के देवलीखान निवासी बीना देवी के रूप में बताते हुए कहा कि पति बालीदत्त तिवारी उसे गंगा स्नान कराने के बहाने हरिद्वार लेकर गया था। उसके अनुसार, जैसे ही वह गंगा में स्नान करने लगी, पति बिना किसी जानकारी के वहां से चला गया। काफी देर इंतजार के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तब उसे अपनी स्थिति का एहसास हुआ।
पीड़िता के मुताबिक, उसके पास न पैसे थे और न ही घर लौटने का कोई साधन। वह कई दिनों तक हरिद्वार में इधर-उधर भटकती रही। बाद में हरिद्वार पुलिस ने उसकी मदद की और रोडवेज बस के जरिए उसे रामनगर भेजा।
रामनगर बस स्टेशन पर भाजपा नेता इकबाल हुसैन और पूर्व नगर अध्यक्ष भावना भट्ट ने महिला को सहारा दिया। उनकी सूचना पर पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। भावना भट्ट ने कहा कि यदि महिला के आरोप सही साबित होते हैं तो आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल रामनगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही महिला के परिवार से संपर्क स्थापित करने का प्रयास भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply