केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड में चल रही और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास को नई दिशा देगा और कनेक्टिविटी को मजबूत बनाएगा।
अपने संबोधन में गडकरी ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में करीब 1.30 लाख करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं का मकसद यातायात को आसान बनाना, ट्रैफिक जाम से राहत दिलाना और पर्यटन को बढ़ावा देना है।
प्रमुख सड़क परियोजनाएं
गडकरी ने बताया कि सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 51 किमी लंबी छह लेन सड़क का उद्घाटन जून में किया जाएगा। इसके अलावा पौंटा साहिब से देहरादून फोर लेन मार्ग (1650 करोड़ रुपये) अगले महीने तक शुरू होने की संभावना है।
वहीं, हरिद्वार ग्रीनफील्ड बाईपास (फेज-1) 1600 करोड़ रुपये की लागत से अक्टूबर 2026 तक पूरा होगा, जिससे हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। साथ ही ऋषिकेश बाईपास परियोजना (1100 करोड़ रुपये) को मंजूरी मिल चुकी है और इस पर अगस्त तक काम शुरू होगा।
अन्य अहम प्रोजेक्ट्स
- रुद्रपुर में 21 किमी लंबा फोरलेन बाईपास (1050 करोड़) – अक्टूबर 2026 तक पूरा
- काशीपुर में 15 किमी फोरलेन बाईपास (936 करोड़) – दिसंबर 2026 तक पूरा
- देहरादून-झाझरा-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड (716 करोड़) – अप्रैल 2027 तक तैयार
- भानियावाला से ऋषिकेश फोरलेन मार्ग (745 करोड़) – अप्रैल 2028 तक पूरा
- श्रीनगर में 800 करोड़ की लागत से टू-लेन बाईपास की DPR तैयार हो रही है
चारधाम और सीमावर्ती कनेक्टिविटी
गडकरी ने बताया कि टनकपुर से पिथौरागढ़ होते हुए लिपुलेख तक सड़क (5200 करोड़ रुपये) का निर्माण तेजी से जारी है। 370 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट में से लगभग 200 किमी का काम पूरा हो चुका है। इससे कैलाश मानसरोवर यात्रा अब भारत के रास्ते से संभव हो सकेगी।
इसके अलावा, चारधाम सड़क परियोजना (12,000 करोड़ रुपये) के तहत 825 किमी में से 640 किमी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक का काम दिसंबर 2026 तक शुरू किया जाएगा।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए सड़क परियोजनाओं में भी तेजी आई है। यमुनोत्री मार्ग पर 2500 करोड़ रुपये की लागत से 46 किमी का काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी हिस्सा 2028 तक पूरा होगा।
रोपवे और टनल प्रोजेक्ट्स
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे पर भी काम चल रहा है। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में टनल निर्माण की योजनाएं भी प्रगति पर हैं।













Leave a Reply